राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षा रत्न सम्मान से सम्मानित हुईं कुरदा की व्याख्याता ज्योति सराफ
जांजगीर-चांपा, 25 अप्रैल 2026
राष्ट्रीय नवाचारी गतिविधियां समूह भारत द्वारा आयोजित राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षा रत्न सम्मान सह शैक्षणिक संप्रवाह 2025-26 कार्यक्रम में कुरदा की व्याख्याता ज्योति सराफ को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें SCERT के उप संचालक ए.के. सारस्वत, माध्यमिक शिक्षा मंडल के उप सचिव डॉ. रघु सहित वरिष्ठ अधिकारियों के करकमलों से प्रदान किया गया।
इस कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा जिले से कुल 7 शिक्षकों का चयन हुआ, जिनमें सैय्यद रफीक अली (सेजेस क्रमांक-02 जांजगीर नवागढ़), नीलिमा सिंह (पामगढ़), फागुलाल राठौर (बम्हनीडीह), ऋतंभरा कश्यप (बलौदा), ज्योति सराफ (बलौदा), अनुराधा मधुकर (अकलतरा) एवं शीला शर्मा (बम्हनीडीह) शामिल हैं। इन सभी शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट एवं नवाचारी शैक्षणिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
समूह द्वारा जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय स्तर के चयनित शिक्षकों को पूर्व में ही डाक माध्यम से सम्मान सामग्री प्रेषित की जा चुकी थी।
कई चरणों की प्रक्रिया के बाद हुआ चयन
समूह प्रमुख संजीव कुमार सूर्यवंशी एवं जिला टीम के अनुसार, इस सम्मान हेतु सर्वप्रथम आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। देशभर से 700 से अधिक तथा छत्तीसगढ़ से 400 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।
प्राप्त आवेदनों की गहन जांच के बाद चयन समिति द्वारा नामांकित शिक्षकों का साक्षात्कार लिया गया। साथ ही उनके कार्यों के प्रमाण स्वरूप दस्तावेजों का विस्तृत परीक्षण किया गया। स्थानीय टीम द्वारा प्रमाणीकरण एवं आवश्यकतानुसार क्रॉस इंटरव्यू के पश्चात अंतिम चयन सूची जारी की गई।
कार्यक्रम में टीम का रहा महत्वपूर्ण योगदान
कार्यक्रम के सफल आयोजन में समूह प्रमुख संजीव कुमार सूर्यवंशी के साथ जांजगीर-चांपा जिला टीम के शरद चतुर्वेदी, शीला शर्मा, पुष्पलता कृष्णा, जीवन राठौर सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।


0 Comments