महर्षि विश्वामित्र गुरु सम्मान 2026 से सम्मानित हुईं व्याख्याता ज्योति सराफ शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट

महर्षि विश्वामित्र गुरु सम्मान 2026 से सम्मानित हुईं व्याख्याता ज्योति सराफ

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट नवाचार एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए मिला सम्मान

चाम्पा/जांजगीर-चांपा। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट नवाचार, समर्पण एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुरदा, चाम्पा, जिला जांजगीर-चांपा की व्याख्याता श्रीमती ज्योति सराफ को प्रतिष्ठित “महर्षि विश्वामित्र गुरु सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान बिहार के बक्सर जिले के डुमरांव में विकास फैमिली क्लब द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय सेमिनार-सह-सम्मान समारोह में प्रदान किया गया।

समारोह में बिहार, उत्तर प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे लगभग 130 नवाचारी शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

व्याख्याता ज्योति सराफ को यह सम्मान उनकी नवाचारी शिक्षण पद्धतियों, विद्यालय के प्रति समर्पण, सेवाभाव, नैतिक शिक्षा को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों के लिए किए जा रहे शैक्षणिक नवाचारों में विशेष योगदान के लिए प्रदान किया गया। उन्हें यह सम्मान डुमरांव विधायक श्री राहुल कुमार सिंह के हाथों प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाराज बहादुर मान, विजय सिंह, डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह एवं डाइट व्याख्याता नोनित सिंह ने संयुक्त रूप से किया। समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार एवं समारोह के सह-संस्थापक श्री मनोज कुमार मिश्रा ने की। मंच संचालन श्री के. पांडेय एवं डॉ. संजय कुमार सिंह ने किया।

सम्मान प्राप्त होने पर व्याख्याता ज्योति सराफ ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नवाचार एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि शिक्षक का वास्तविक सम्मान तभी सार्थक है, जब उसके प्रयासों से विद्यार्थियों में सीखने की जिज्ञासा, आत्मविश्वास, संवेदनशीलता और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित हो।

ज्योति सराफ द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में समावेशी शिक्षा, ऑडियो शिक्षण सामग्री, नवाचारी शिक्षण पद्धतियों, नैतिक शिक्षा एवं विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उनके इस सम्मान से विद्यालय परिवार एवं जिले के शिक्षकों में हर्ष का माहौल है।

Post a Comment

0 Comments