सर्वनाम/ सर्वनाम के भेद / परिभाषा / उदाहरण (Sarvanam ke bhed) / sarvanam

 सर्वनाम / सर्वनाम के भेद / परिभाषा / उदाहरण (Sarvanam ke bhed) / sarvanam

सर्वनाम (Pronoun)



परिभाषा : संज्ञा के स्थान पर प्रयुक्त होने वाले शब्दों को सर्वनाम कहते हैं। जैसे- मैं, तुम, हम, वे, आप आदि शब्द सर्वनाम हैं।

sarvanam-ki-paribhasa

'सर्वनाम' का शाब्दिक अर्थ है- सबका नाम। ये शब्द किसी व्यक्ति विशेष के द्वारा प्रयुक्त न होकर सबके द्वारा प्रयुक्त होते है तथा किसी एक का नाम न होकर सबका नाम होते हैं। 'मैं' का प्रयोग सभी व्यक्ति अपने लिए करते हैं, अतः 'मैं' किसी एक का नाम न होकर सबका नाम अर्थात सर्वनाम है।

पं. कामता प्रसाद गुरु के अनुसार- “सर्वनाम वह विकारी शब्द है जो पूर्वापर संबंध से किसी भी संज्ञा के बदले आता है।"

उदाहरण- हम, तुम, मैं, वह, वे इत्यादि।

शाब्दिक दृष्टि से यदि देखा जाए तो सर्व अर्थात् सब 'नाम' अर्थात् नामों के स्थान पर जो शब्द आते हैं, उन्हें सर्वनाम कहा जाता है।

संज्ञा एवं सर्वनाम के मध्य जो मूल अंतर है वह यह है कि संज्ञा से केवल किसी नाम का बोध होता है, जैसे- मोहन। - 'मोहन' कहने से केवल मोहन का बोध होता है इससे संबंधित अन्य नामों का बोध नहीं होता है।

दूसरी तरफ 'वह' (सर्वनाम) कह देने पर घर, शहर, दुकान, पशु, पक्षी आदि का बोध हो जाता है।

सर्वनाम के भेद – 

सर्वनाम छ: प्रकार के होते हैं-

1. पुरुषवाचक सर्वनाम

2. निजवाचक सर्वनाम

3. निश्चयवाचक सर्वनाम

4. अनिश्चयवाचक सर्वनाम

5. प्रश्नवाचक सर्वनाम

6. संबंधवाचक सर्वनाम

1. पुरुषवाचक सर्वनाम

“जिस सर्वनाम का प्रयोग स्त्री एवं पुरुष दोनों के लिए किया जाता है, ‘पुरुषवाचक सर्वनाम’ (Personal Pronoun) कहलाता है।”

सर्वनाम का अपना कोई लिंग नहीं होता है। इसके लिंग का निर्धारण क्रियापद से ही होता है। पुरुषवाचक सर्वनाम के अंतर्गत मैं, तू, आप, यह और वह आते हैं।

उदाहरण:

मैं फिल्म देखना चाहता हूँ। (पुं०)

मैं घर जाना चाहती हूँ। (स्त्री०)

तू कहता है तो ठीक ही होगा। (पुं०)

तू जब तक आई तब तक वह चला गया। (स्त्री०)

आजकल आप कहाँ रहते हैं? (पुं०)

आप जहाँ भी रहती हैं खुशियों का माहौल रहता है। (स्त्री०)

पुरुषवाचक सर्वनामों की तीन  भेद होती है–

1. उत्तमपुरुष: जिस सर्वनाम का प्रयोग बात कहनेवाले के लिए हो।

जैसे-

मैं कहता हूँ कि नदियाँ सूखती जा रही हैं।

इसके अंतर्गत ‘मैं’ और ‘हम’ आते हैं।

2. मध्यम पुरुष : जिस सर्वनाम का प्रयोग उसके लिए हो, जिससे कोई बात कही जाती है। इसके अन्तर्गत तू, तुम और आप आते हैं।

जैसे-

मैंने आपसे कहा था कि वह बीमार नहीं है।

3. अन्यपुरुष : जिस सर्वनाम का प्रयोग उसके लिए हो जिसके विषय में कुछ कहा जाता है।

जैसे-

मैंने आपको बताया था कि वह पढ़ने में बहुत तेज है।

उत्तम पु० मध्यम पु०। अन्य पु०


2. निजवाचक सर्वनाम

“जिस सर्वनाम का प्रयोग कर्ता कारक स्वयं के लिए करता है, उसे ‘निजवाचक सर्वनाम’ (Reflexive Pronoun) कहते हैं।’ इसके अंतर्गत आप, स्वयं, खुद, स्वतः आदि आते हैं?

उदाहरण

आप कहाँ से आ रहे हैं?

विश्लेषण : इस वाक्य में ‘आप’ का प्रयोग किसी पुरुष के लिए होने के कारण यह पुरुषवाचक के अंतर्गत है।

मैं आप चला जाऊँगा। 

विश्लेषण : यहाँ ‘मैं’ कर्ता ने ‘आप’ का प्रयोग स्वयं के लिए किया है। इस कारण यह निजवाचक के अंतर्गत आएगा।

3. निश्चयवाचक सर्वनाम

“जिस सर्वनाम से किसी वस्तु या व्यक्ति अथवा पदार्थ के विषय में ठीक-ठीक और निश्चित ज्ञान हो, ‘निश्चयवाचक सर्वनाम’ (Demonstrative Pronoun) कहलाता है।’

इस सर्वनाम के अन्तर्गत ‘यह’ और ‘वह’ आते हैं। ‘यह’ निकट के लिए और ‘वह’ दूर। के लिए प्रयुक्त होते हैं।

 ‘यह’ और ‘वह’ पुरुषवाचक सर्वनाम भी हैं और निश्चयवाचक भी। 

उदाहरण:

आजकल यह कुछ नहीं खाता-पीता है।

वह एकबार फिर दौड़-प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रहा।

विश्लेषण : उक्त दोनों वाक्यों में ‘यह’ और ‘वह’ का प्रयोग पुरुषों के लिए होने के कारण दोनों पुरुषवाचक के अंतर्गत आएँगे।

यह गाय है। वह बिलायती चूहा है।

 विश्लेषण : उपर्युक्त दोनों वाक्यों में ‘यह’ गाय की निश्चितता के लिए और ‘वह’ चूहे की निश्चितता के लिए प्रयुक्त होने के कारण दोनों निश्चयवाचक सर्वनाम के अंतर्गत आएँगे।


4. अनिश्चयवाचक सर्वनाम

“वह सर्वनाम, जो किसी निश्चित वस्तु या व्यक्ति का बोध नहीं कराए, ‘अश्चियवाचक सर्वनाम’ (Indefinite Pronoun) कहलाता है।”

इस सर्वनाम के अंतर्गत ‘कोई’ और ‘कुछ’ आते हैं। जैसे-

आपके घर पर कोई आया है। कुछ दे दीजिए। कुछ काम करो।

5. प्रश्नवाचक सर्वनाम

“जिस सर्वनाम का प्रयोग प्रश्न करने के लिए किया जाय, ‘प्रश्नवाचक सर्वनाम’ (Interrogative Pronoun) कहलाता है।”

इसके अंतर्गत ‘कौन’ और ‘क्या’—ये दो सर्वनाम आते हैं। ‘कौन’ का प्रयोग सदैव सजीवों के लिए और ‘क्या’ का प्रयोग निर्जीवों के लिए होता है।

जैसे-

देखो तो कौन आया है?

आपने क्या खाया है?

6. संबंधवाचक सर्वनाम

“जिस सर्वनाम से एक शब्द या वाक्य का दूसरे शब्द या वाक्य से संबंध जाना जाता है, उसे ‘सबंधवाचक सर्वनाम’ (Relative Pronoun) कहते हैं।”

इसके अंतर्गत ‘जो’ और ‘सो’ आते हैं। अब ‘सो’ के स्थान पर ‘वह’ का प्रयोग होने लगा है। नीचे लिखे वाक्यों को देखें-


जो जागेगा सो पावेगा, जो सोवेगा सो खोवेगा (पु० हिन्दी) जो जागेगा वह पाएगा, जो सोएगा वह खोएगा। (आ० हि.) जो के अन्य रूप भी होते हैं।

जैसे-

जिसका, जो कि, जिसको, जिन्होंने, जिनके आदि।

Post a Comment

0 Comments