शिक्षा, साहित्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए ज्योति सराफ को मिला गुरु गौरव सम्मान

 शिक्षा, साहित्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए ज्योति सराफ को मिला गुरु गौरव सम्मान

चांपा। शिक्षा, साहित्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में अपने नवाचारी प्रयासों और उल्लेखनीय योगदान के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुरदा, चांपा की व्याख्याता श्रीमती ज्योति सराफ को राज्य स्तरीय गुरु गौरव सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया।

दर्शन बालोद, डेली बालोद न्यूज एवं एनटीसीएफ (नोवेल टीचर्स क्रिएटिव फाउंडेशन) छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में 27 सितंबर 2026, रविवार को बालोद स्थित कला केंद्र संगीत महाविद्यालय में राज्य स्तरीय गुरु गौरव सम्मान समारोह 2026 का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्य करने वाले 152 शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में श्रीमती ज्योति सराफ को शिक्षा, साहित्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उनके सतत योगदान के लिए गुरु गौरव सम्मान प्रदान किया गया।

श्रीमती सराफ शिक्षण को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, उनमें नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक संवेदनशीलता के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। समावेशी शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिचय विश्व ऑडियो बुक के माध्यम से मिलता है, जिसके अंतर्गत वे दृष्टिबाधित एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए अब तक 680 से अधिक शैक्षणिक ऑडियो सामग्री तैयार कर चुकी हैं। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण, पक्षी संरक्षण, पौधारोपण, बीज बॉल निर्माण एवं जल संरक्षण जैसे कार्यों के माध्यम से विद्यार्थियों और समाज को जागरूक कर रही हैं।

साहित्य के क्षेत्र में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। उनकी लेखनी शिक्षा, समावेशन, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सरोकारों को अभिव्यक्त करती है। उनकी पुस्तकें समाज के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण और सकारात्मक बदलाव की सोच को सामने लाती हैं।

सम्मान प्राप्त होने पर श्रीमती ज्योति सराफ ने आयोजक संस्थाओं, अपने मार्गदर्शकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षण, साहित्य और समाजसेवा के माध्यम से उनका प्रयास सदैव यही रहा है कि शिक्षा प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचे और समाज में संवेदना, सकारात्मक सोच एवं जागरूकता का विस्तार हो। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि भविष्य में और अधिक जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा है।

उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षा जगत, सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Post a Comment

0 Comments