शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार के लिए शिक्षिका ज्योति सराफ को राष्ट्रीय सम्मान -
शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नवाचार, सामाजिक सरोकारों एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति विशेष योगदान के लिए श्रीमती ज्योति सराफ को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान शिक्षा सागर फाउंडेशन एवं पारिवारिक वानिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हरित योद्धा सम्मान समारोह तथा राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षक सम्मान समारोह में प्रदान किया गया।कार्यक्रम का आयोजन कोटा (राजस्थान) एवं भरतपुर क्षेत्र में किया गया, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए शिक्षाविदों, समाजसेवियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में श्रीमती ज्योति को शिक्षा में नवाचार, समावेशी शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता तथा सामाजिक उत्थान के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि श्रीमती ज्योति द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु किए जा रहे नवाचारी प्रयोग, मूल्यपरक शिक्षा, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए संवेदनशील प्रयास तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े रचनात्मक कार्य अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नवाचारी शिक्षक ही राष्ट्र निर्माण की सशक्त नींव होते हैं, जो समाज और आने वाली पीढ़ी को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। सम्मान प्राप्त करने पर श्रीमती ज्योति ने आयोजक संस्था शिक्षा सागर फाउंडेशन, पारिवारिक वानिकी विभाग तथा सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों की पहचान है, बल्कि क्षेत्र की शैक्षणिक उपलब्धियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरव प्रदान करता है। यह सम्मान प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा के अध्यक्ष श्री अभिषेक शुक्ला के मार्गदर्शन से प्राप्त हुआ।


0 Comments